रोहतक में विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, रामराज्य को गरीबों के सम्मान, बेटियों की सुरक्षा और युवाओं को समान अवसर देने से जोड़ा
चंडीगढ़, 20 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि रावण के पुतले के दहन के साथ अपने भीतर मौजूद अहंकार, झूठ, द्वेष, भेदभाव, नशे और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प भी लें।
मुख्यमंत्री रोहतक में सनातनी युवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘बुराई से अच्छाई की ओर’ भव्य सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 300 ड्रोन के माध्यम से प्रस्तुत रामगाथा का दृश्य देखा और कुंभकरण, मेघनाथ तथा रावण के पुतलों का दहन किया। कार्यक्रम में भजन प्रस्तुति भी हुई। मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए फाउंडेशन के पदाधिकारियों को बधाई दी और कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।
अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है विजयादशमी पर्व
नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान राम द्वारा रावण का वध और मां दुर्गा द्वारा महिषासुर का संहार अन्याय तथा अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का संदेश देते हैं। उन्होंने भगवान नरसिंह, भगवान राम और भगवान कृष्ण के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में धर्म, कर्तव्य और न्याय की स्थापना को हमेशा महत्व दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रावण के अनेक चेहरे हैं, जिनमें झूठ, द्वेष, गलत नीयत, नशा, भ्रष्टाचार और बेटियों के प्रति भेदभाव जैसी बुराइयां शामिल हैं। इसलिए केवल पुतला जलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने आचरण में सुधार लाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शक्ति का उद्देश्य अहंकार या अत्याचार करना नहीं, बल्कि अन्याय का अंत करना और समाज में न्याय स्थापित करना है।
रामराज्य में हर वर्ग को मिले सम्मान और न्याय
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना ऐसे समाज की है, जहां गरीबों को सम्मान, कमजोरों को न्याय, बहन-बेटियों को सुरक्षा और युवाओं को बिना भेदभाव आगे बढ़ने के अवसर मिलें। सरकार की योजनाओं और सुशासन का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
अयोध्या में साकार हुआ 500 वर्षों का सपना
नायब सिंह सैनी ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सदियों की प्रतीक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हुए और श्रद्धालुओं का लंबे समय से देखा जा रहा सपना साकार हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश की जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और शेष संकल्पों पर भी काम जारी है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य में हरियाणा के विकास को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश की प्रगति देश की समग्र उन्नति में योगदान देगी।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा नेता सतीश नांदल, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, सनातनी युवा फाउंडेशन के अध्यक्ष करण विग, सचिव संदीप गर्ग और कोषाध्यक्ष संजय टुटेजा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
news written by Priyanka Thakur


