Homeपंजाबअमृतसर में अवैध हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 2 हैंड...

अमृतसर में अवैध हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 2 हैंड ग्रेनेड और 12 पिस्तौल सहित 11 गिरफ्तार

अमृतसर में अवैध हथियार और नशा सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश, 2 हैंड ग्रेनेड और 12 पिस्तौल सहित 11 गिरफ्तार

चंडीगढ़/अमृतसर, 3 नवंबर। पंजाब पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले तीन नेटवर्कों का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिगों सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड, 12 आधुनिक पिस्तौल, 33 जिंदा कारतूस और 310.10 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर राज्य को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों और गैंगस्टरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर ड्रोन के माध्यम से गैर-कानूनी हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप भेजते थे।

डीजीपी के अनुसार, बरामद हथियारों का इस्तेमाल लोगों को धमकाकर उनसे फिरौती वसूलने के लिए किया जाना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि तीन अलग-अलग पुलिस थानों की टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पहली कार्रवाई में थाना रणजीत एवेन्यू पुलिस ने बॉबी, समाइल सिंह और सतमोल सिंह उर्फ ठेकेदार को गिरफ्तार किया। इनके पास से सात अवैध पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

दूसरी कार्रवाई थाना छेहरटा पुलिस ने की। इसमें हरप्रीत सिंह उर्फ भूंडी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। बाद में जांच के दौरान एक अन्य नाबालिग और आकाशदीप सिंह सहित दो आरोपियों को भी काबू किया गया। इस कार्रवाई में दो हैंड ग्रेनेड, पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए।

तीसरी कार्रवाई थाना सुल्तानविंड पुलिस ने की, जिसमें शमशेर सिंह उर्फ शेरा, विशाल सिंह उर्फ कालू और गुरबीर सिंह उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से तीन पिस्तौल और 310.10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में रणजीत एवेन्यू, छेहरटा और सुल्तानविंड थानों में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments