| |||
चुनाव आते ही जनता को लुभाने का तमाशा शुरू : किराएदारों और मध्यम वर्ग की अनदेखी कब तक?”
चण्डीगढ़ : शहर के जागरूक नागरिकों के सोशल मीडिया ग्रुप चण्डीगढ़ियंस ने आगामी चुनावों के मद्देनज़र राजनीतिक दलों द्वारा की जा रही लोकलुभावन घोषणाओं और मुफ्त योजनाओं की राजनीति पर तीखा प्रहार किया है। एक बयान जारी करते हुए ग्रुप के संचालक राज चड्ढा ने कहा कि वोट आए नहीं कि तमाशा शुरू हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वर्षों से शहर में किराए के मकानों में रह रहे आम लोग और गरीब-मध्यम वर्ग के परिवार राजनेताओं के दुश्मन हैं?
जतिंदर ने राजनीतिक दलों की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि मुफ्त घर, मुफ्त राशन और मुफ्त चिकित्सा जैसी योजनाएं केवल एक खास ‘वोट बैंक’ को साधने के लिए लाई जाती हैं। चुनाव नज़दीक आते ही बड़े-बड़े वादों का पिटारा खोल दिया जाता है, लेकिन उन ईमानदार करदाताओं, किराएदारों और निम्न-मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए राजनीतिक दलों की झोली हमेशा खाली रहती है, जो वर्षों से शहर के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि महंगाई, भारी-भरकम किराए और बच्चों की शिक्षा व स्वास्थ्य के खर्चों से जूझ रहे मध्यम वर्ग की सुध लेने वाला कोई नहीं है। जनता अब इन चुनावी ड्रामों और खोखले वादों को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने मांग की कि राजनीतिक दल केवल वोट बैंक की राजनीति करने के बजाय शहर के सभी वर्गों—विशेषकर किराएदारों और गरीब-मध्यम वर्ग—के लिए ठोस, न्यायसंगत और स्थायी कल्याणकारी नीतियां बनाएं।



