Homepunjabगोपाष्टमी पर मोरनी से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया 'माटी वंदन...

गोपाष्टमी पर मोरनी से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया ‘माटी वंदन अभियान’ और ‘नमो मोरनी मिशन’ का शुभारंभ*

गोपाष्टमी पर मोरनी से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया ‘माटी वंदन अभियान’ और ‘नमो मोरनी मिशन’ का शुभारंभ*

 

*मोरनी की माटी बोलेगी और देश सुनेगा*

 

*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बड़ी घोषणा, वर्ष 2029 तक मोरनी बनेगा देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ब्लॉक*

 

*मोरनी के किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू होगी समर्पित हेल्पलाइन, बनेगा तीन विभागों का संयुक्त कार्यालय*

 

*मुख्यमंत्री ने दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्राकृतिक एवं जैविक खेती किसान मेले का किया उद्घाटन*

 

*अब उपज भी मोरनी की, ब्रांड भी मोरनी का और मंडी भी मोरनी में होगी- मुख्यमंत्री*

 

*नायब सिंह सैनी ने किया ‘माटी वंदन पखवाड़े’ का शुभारंभ, 5 दिसंबर को होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम*

चंडीगढ़ 17 नवंबर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गोपाष्टमी पर मोरनी से ‘माटी वंदन अभियान’ और ‘नमो मोरनी मिशन’ का शुभारंभ करते हुए मोरनी को देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ब्लॉक विकसित करने के उद्देश्य से मोरनी के किसानों को लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने  कहा कि मोरनी  के किसानो की हर समस्या का समाधान एक ही छत के नीचे करने के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन 01733-297010 शुरू की जाएगी। मोरनी में कृषि, बागवानी तथा भूमि एवं जल संरक्षण विभाग का संयुक्त कार्यालय बनेगा। तब तक तीनों विभागों के अधिकारी नमो भवन (पूर्व में गेट्टी भवन) में बैठेंगे, जिसे बाद में कृषि विभाग को सौंपकर जैविक एवं प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा, जहाँ विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे और जैविक खाद, बीज व दवाई भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि तीनों विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी और उनकी मोरनी में तैनाती बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, मोरनी, पंचकूला में दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्राकृतिक/जैविक खेती किसान मेला का  उद्घाटन करने उपरांत उपस्थितजन को संबोधित कर रहे रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने “माटी वंदन पखवाड़े” का भी शुभारंभ किया और इसके पोस्टर का अनावरण किया। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा और कालका की विधायक श्री शक्ति रानी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री नेे नमो मोरनी मिशन की घोषणा करते हुए कहा की मिशन के तहत वर्ष 2029 तक मोरनी को सिक्किम की तर्ज पर आदर्श जैविक खेती ब्लॉक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें किसानों को प्रति बीघा के आधार पर सुविधाएँ देने का प्रयास किया जाएगा। वन विभाग की वाटिका में जैविक खेती का जीवंत प्रदर्शन होगा, जहाँ किसानों के साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी भी सीखेंगे। इसके अलावा मिट्टी परीक्षण, बायो लैब, पोषण परीक्षण और कीटनाशक अवशेष परीक्षण की चार आधुनिक प्रयोगशालाएँ स्थापित होंगी। ये मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना को भी मजबूत करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा की कि केंद्र की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पर ड्रॉप मोर क्रॉप और राज्य के सहयोग से मिकाडा द्वारा ड्रिप सिंचाई पर 85 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। भूमि संरक्षण शाखा द्वारा रिटेनिंग दीवार, चेक-डैम और छोटे तालाब बनाए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि पहाड़ी व दुर्गम क्षेत्र को देखते हुए छोटे कृषि यंत्रों पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।

उन्होने घोषणा करते हुए कहा की अब उपज भी मोरनी की, ब्रांड भी मोरनी का, मंडी भी मोरनी में होगी। हैफेड जैविक व प्राकृतिक उत्पादों की खरीद की नोडल एजेंसी होगी और इन्हें मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश ब्रांड से बाजार में उतारेगी। ऑनलाइन बिक्री के लिए ऐप बनेगा, और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड मोरनी में ही ऑर्गेनिक मंडी विकसित करेगा।

उन्होंने यह भी घोषणा करी की पूरा मोरनी खंड, जैविक खंड होगा। अगले तीन वर्षों में मोरनी खंड की लगभग 5,600 एकड़ भूमि 60ः40 के अनुपात में विकसित होगी जिसमें कृषि में 3,360 एकड़ और बागवानी में 2,240 एकड़ शामिल है। उन्होंने कहा की राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन में सामुदायिक संसाधन व्यक्ति को 5,000 रुपये प्रति माह मिलते हैं। उन्होंने मोरनी खंड में 5,000 रुपये अतिरिक्त, यानी कुल 10,000 रुपये प्रति माह दिए जाने की घोषण की।  उन्होंने कहा की मोरनी में चल रहे किसान मेले में गेहूँ व सब्जियों का बीज, जैविक खाद और सब्जियों की पौध निःशुल्क वितरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा की अब मोरनी का किसान केवल फसल नहीं उगाएगा, ब्रांड बनाएगा, मंडी नहीं जाएगा, बाजार उसके द्वार आएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना, मिट्टी की सेहत सुधारना, शुद्ध भोजन उपलब्ध करवाना और मोरनी के युवाओं को स्थानीय रोजगार देना सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने किसानो से संवाद करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती में लागत घटती है, जमीन की ताकत लंबे समय तक बनी रहती है और उपज के दाम बेहतर मिलते हैं। किसान इस मिशन में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे अपना मिशन बनाएँ।

उन्होने कहा कि प्राकृतिक और जैविक खेती की इस यात्रा में मोरनी सबसे आगे होगा। जैसे सिक्किम ने देश को राह दिखाई, वैसे ही मोरनी देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ब्लॉक बनेगा। उन्होने कहा कि यहाँ के किसान अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की हरियाणा इकाई के साथ मिलकर एपिकल रूट कटिंग तकनीक से आलू की पौध तैयार कर रहे हैं। इसके लिए पॉलीहाउस लगाने पर लागत का 70  प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। शेष 30 प्रतिशत किसान स्वयं वहन करते हैं। मोरनी में अब तक 15 पॉलीहाउस लग चुके हैं, जिनमें हर वर्ष 15 से 20 लाख आलू की पौध तैयार होती है। यह पौध हरियाणा ही नहीं, दूसरे राज्यों के किसानों तक भी पहुँच रही है, और इससे मोरनी के किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।

उन्होंने उपस्थित किसानो से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे धरती को रासायनिक जहर से मुक्त करेंगे, प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाएँगे, वर्ष 2029 तक मोरनी को देशभर में पहचाना जाने वाला आदर्श मॉडल बनाएँगे, और विजन-2035 के तहत हरियाणा को प्राकृतिक खेती का सिरमौर बनाएँगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से प्रदेश में स्वस्थ माटी – समृद्ध किसान और सुरक्षित भविष्य स्वस्थ राष्ट्र के मूलमंत्र के साथ माटी वंदन पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया है। इस पखवाड़े में प्रदेशभर में 15 विशेष कार्यक्रम होंगे, जिनमें किसान, डॉक्टर, युवा, व्यापारी, प्रबुद्ध नागरिक और कृषि वैज्ञानिक जुड़ेंगे, ताकि यह सरकारी योजना नहीं, जन अभियान बने। 5 दिसंबर, विश्व मृदा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा, जिसमें सिक्किम सहित अन्य राज्यों के कृषि वैज्ञानिक अपने अनुभव और मॉडल साझा करेंगे।

उन्होंने कहा की हरियाणा विजन-2035 हरित क्रांति 2.0 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी सोच से वर्ष 2022 में प्राकृतिक खेती योजना शुरू की गई है। आज लगभग 2 लाख किसानों ने करीब 3 लाख एकड़ भूमि का पंजीकरण करवाया है, और लगभग 24 हजार किसान 44 हजार एकड़ से अधिक भूमि पर प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। लक्ष्य है कि वर्ष 2030-31 तक डेढ़ लाख एकड़ भूमि पर वास्तविक रूप से प्राकृतिक एवं जैविक खेती हो। उन्होने कहा कि गुरुकुल कुरुक्षेत्र, हमेटी जींद, मांगेआना सिरसा और घरौंडा करनाल में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं, गुरुकुल में राज्य सलाहकार नियुक्त किया गया है, और अब तक 13 हजार 300 प्रतिभागियों तथा 6 हजार 234 सरपंचों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं सहायता समूहों, एफपीओज और किसानों द्वारा प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उत्पादों में गहरी रूची दिखाई।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश में प्राकृतिक खेती को बढावा देने की शुरूआत की है जिसे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरियाणा में आगे बढा रहे हैं। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का विजन रखा है। इसके तहत वर्ष 2047 तक देश की कृषि योग्य भूमि का 20 प्रतिशत हिस्सा प्राकृतिक खेती के अंतर्गत लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती का वातावरण तैयार हुआ है और किसान इस दिशा में तेजी से आगे बढ रहे हैं।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए कालका की विधायिका श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने मोरनी ब्लाक को हरियाणा प्रदेश का पहला प्राकृतिक एवं जैविक खेती माडॅल ब्लाक विकसित करने के लिए चुनने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि यह इस क्षेत्र के किसानों, प्राकृतिक खेती से जुडे लोगों और पूरे मोरनी क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होने कहा कि मोरनी ब्लाक को प्राकृतिक खेती के माडल ब्लॉक के रूप में विकसित करने की यह पहल केवल खेती तक सीमीत नही है बल्कि यह इस क्षेत्र के किसानों के भविष्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजयेंद्र कुमार, चेयरमैन श्री मोहन लाल बड़ौली, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश देवीनगर, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति डॉ बीआर कंबोज, महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेश कुमार, ओएसडी श्री वीरेंद्र सिंह बढ़खालसा और श्री भारत भूषण भारती, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा सहित कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक, किसान और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

क्रमांक -2026

ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक घर बैठे स्वामित्व पोर्टल पर दर्ज करवा सकेंगे संपत्ति संबंधी आपत्तियां एवं शिकायतें: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना से जुड़ी आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए की स्वामित्व पोर्टल की लॉन्चिंग

 

नागरिक अपने मकान और प्लॉट का विवरण ऑनलाइन देख सकेंगे तथा गलतियों को ठीक करवाने के लिए शिकायत दर्ज कर सकेंगे

चंडीगढ़, 17 नवंबर।हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की लाल डोरा स्थित प्रोपर्टी के स्वामित्व से संबंधित शिकायतों व आपत्तियों के समाधान के लिए मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में स्वामित्व पोर्टल की लॉन्चिंग की। इस दौरान हरियाणा के राजस्व मंत्री श्री विपुल गोयल, राजस्व वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा व मुख्यमंत्री के उप-प्रधान सचिव डॉ. यशपाल भी मौजूद थे। सभी जिलों के उपायुक्तों सहित जिलों में नियुक्त राजस्व विभाग के उच्चाधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुड़े।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए उसका घर और संपत्ति जीवनभर की मेहनत तथा परिवार की सबसे बड़ी पूंजी होती है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को उसकी संपत्ति का सही रिकॉर्ड मिले और उसके अधिकार सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्र में 25 लाख प्रोपर्टी लाल डोरा में आती है जिसका स्वामित्व रिकॉर्ड पहले इनके मालिकों के पास नहीं था जिसके कारण इन्हें प्रोपर्टी की खरीद-बेच में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2018-19 में हरियाणा सरकार द्वारा स्वामित्व योजना शुरू की गई थी जिससे प्रभावित होकर केंद्र सरकार ने इसे पूरे देश में लागू किया। लाल डोरा स्थित प्रोपर्टी के असली मालिकों को उनका हक देने के लिए सरकार ने ड्रोन सर्वे करवाकर, टीमों को गांवों में भेजकर तथा आमजन की आपत्तियां लेकर प्रोपर्टी के मालिकाना हक को फाइनल किया तथा असली मालिक को हक देने के लिए नया कानून भी बनाया।

उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में रेवेन्यू हरियाणा की वेबसाइट पर एक ही स्थान पर राजस्व संबंधी सभी सेवाएं आमजन के लिए उपलब्ध हैं। आज लॉन्च किए गए स्वामित्व पोर्टल के माध्यम से कोई भी व्यक्ति घर बैठे अपने जिला व गांव का नाम डालकर तथा अपने मोबाइल नंबर से लोगिन करके अपनी प्रोपर्टी का रिकॉर्ड देख सकता है। यदि उसके मकान या प्लॉट के क्षेत्रफल में गलती है, संपत्ति की किस्म में कोई त्रुटि है, एक ही संपत्ति की दो प्रॉपर्टी आईडी बन गई हैं, किसी मालिक का नाम गलत दर्ज हो गया है अथवा किसी व्यक्ति का नाम दर्ज होने से छूट गया है, तो वह 90 दिन के भीतर पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। 90 दिन के बाद इसी पोर्टल के माध्यम से प्रोपर्टी के असली मालिकों के स्वामित्व कार्ड ऑटोमैटिक जनरेट होंगे।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस पोर्टल से नागरिकों को अपनी संपत्ति से संबंधित समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का एक आसान और सुविधाजनक माध्यम मिलेगा। पोर्टल पर नागरिक अपनी संपत्ति को डिजिटल मानचित्र पर भी देख सकेंगे। इसके साथ ही ड्रोन इमेजरी की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, जिससे लोग अपनी संपत्ति की स्थिति और सीमाओं को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को उनकी संपत्ति का सही रिकॉर्ड उपलब्ध करवाना, उनके अधिकारों को मजबूती देना और भविष्य में संपत्ति से जुड़े कार्यों को सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे अपने मकान और प्लॉट का विवरण पोर्टल पर अवश्य जांचें। यदि रिकॉर्ड में कोई गलती या शिकायत है, तो निर्धारित अवधि के भीतर उसे पोर्टल पर दर्ज करवाएं।

मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों व अन्य राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पोर्टल पर आने वाली शिकायतों व आपत्तियों का निपटान साथ-साथ करें ताकि आमजन को अपने कामों के लिए अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि हर पात्र नागरिक को उसका अधिकार मिले और सरकारी सुविधाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शिता के साथ आमजन तक पहुंचे।

क्रमांक -2026

*अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2026 में पहली बार ज्योतिसर तीर्थ पर भी होंगे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम*

 

 *5 से 25 दिसंबर तक चलेगा महोत्सव, 14 से 20 दिसंबर तक होंगे मुख्य आयोजन; देश-विदेश के प्रसिद्ध कलाकार देंगे प्रस्तुतियां*

 

 *सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की तैयारियों की समीक्षा*

चंडीगढ़, 17 नवंबर- अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार महोत्सव को और अधिक भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। महोत्सव के इतिहास में पहली बार गीता की जन्मस्थली ज्योतिसर तीर्थ पर भी भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अब तक मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित होते रहे हैं। इस बार ज्योतिसर तीर्थ पर भी सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष अनुभव मिलेगा।

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के निदेशक डॉ आदित्य दहिया ने आज चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कुरुक्षेत्र के उपायुक्त श्री विश्राम कुमार मीणा, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पंकज सेतिया और केडीबी के मानद सचिव श्री उपेंद्र सिंघल उपस्थित रहे। निदेशक ने निर्देश दिए कि गीता जयंती महोत्सव केवल एक मेला नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को विश्वभर में पहुंचाने का माध्यम है। इसलिए सभी तैयारियां अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव 5 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 से 20 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर तीर्थ पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान हरियाणा पवेलियन, सरस मेला, शिल्प मेला, गीता सेमिनार और सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा लाइट एंड साउंड शो और भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के दर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। सांस्कृतिक मंचों पर प्रसिद्ध कलाकार भजन, गीता पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं और हरियाणवी लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां देंगे।

निदेशक ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से अधिक से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक कुरुक्षेत्र पहुंच सकें।

 *देश-विदेश के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां*

उपायुक्त श्री विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश के प्रसिद्ध सूफी गायकों, बॉलीवुड गायकों, हरियाणवी लोक कलाकारों और विदेशी सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इस बार सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां गीता की थीम पर आधारित होंगी। उन्होंने बताया कि ज्योतिसर तीर्थ पर आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और पार्किंग के प्रबंध किए जा रहे हैं। ज्योतिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण ब्रह्मसरोवर पर लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव में गीता के 18 अध्यायों पर आधारित 18 द्वार बनाए जाएंगे। इसके साथ ही थीम पवेलियन में आधुनिक तकनीक के माध्यम से गीता के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments