HomeपंजाबPCA ने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को दीं 20 विशेष व्हीलचेयर, पंजाब ने...

PCA ने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को दीं 20 विशेष व्हीलचेयर, पंजाब ने चंडीगढ़ को हराया

चंडीगढ़। दिव्यांग खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने बड़ी पहल की है। बठिंडा में पंजाब और चंडीगढ़ की व्हीलचेयर क्रिकेट टीमों के बीच मैत्री मुकाबले का आयोजन किया गया। इस दौरान PCA अध्यक्ष अमरजीत मेहता ने दोनों टीमों को 10-10 विशेष व्हीलचेयर उपलब्ध करवाकर खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी। रोमांचक मुकाबले में पंजाब की टीम ने चंडीगढ़ को शिकस्त दी।

मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ की टीम ने निर्धारित मुकाबले में 111/5 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाकर जीत दर्ज की। पंजाब की टीम पर 10 रन की पेनल्टी भी लगाई गई, लेकिन इसके बावजूद खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

PCA अध्यक्ष ने की कई बड़ी घोषणाएं

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण PCA अध्यक्ष अमरजीत मेहता की ओर से दोनों टीमों को 20 विशेष व्हीलचेयर उपलब्ध करवाना रहा। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए बेहतर क्रिकेट किट, आधुनिक खेल उपकरण, विशेष कोच और चयनकर्ताओं की सुविधा देने की भी घोषणा की।

अमरजीत मेहता ने कहा कि PCA का उद्देश्य व्हीलचेयर क्रिकेट को एक संगठित और प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में विकसित करना है। इसके तहत पंजाब की अपनी व्हीलचेयर क्रिकेट टीम तैयार की जाएगी, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। इसके अलावा शेर-ए-पंजाब लीग और IPL की तर्ज पर व्हीलचेयर क्रिकेट लीग शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

8 से 10 वर्षों से संसाधनों की कमी से जूझ रहे थे खिलाड़ी

व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन पंजाब एवं चंडीगढ़ के अध्यक्ष डॉ. रुपेश कुमार सिंह ने PCA अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि खिलाड़ी पिछले 8 से 10 वर्षों से लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन पर्याप्त संसाधनों की कमी के कारण उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। कई बार चार-पांच व्हीलचेयर के सहारे ही खिलाड़ियों को मैच खेलना पड़ता था। ऐसे में 20 विशेष व्हीलचेयर मिलना खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि एबिलिटी स्पोर्ट्स लीग के लिए पंजाब के चार और चंडीगढ़ के एक खिलाड़ी सहित कुल पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि PCA की इस पहल से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। उन्होंने अन्य राज्य क्रिकेट एसोसिएशनों से भी दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

इस अवसर पर डॉ. रुपेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, महासचिव कमलजीत सिंह, खेल सचिव गौतम शर्मा, एडवोकेट संजीव शर्मा और प्रेस सचिव सुरिंदर गोयल सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने PCA और अमरजीत मेहता का आभार जताते हुए कहा कि यह आयोजन व्हीलचेयर क्रिकेट को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को समान अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments