Homeपंजाबगुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट पर 27 नवंबर को बैठक का...

गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट पर 27 नवंबर को बैठक का प्रस्ताव, अकाल तख्त की कमेटी से अपील

चंडीगढ़। जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट, 2026 को लेकर उठाई गई आपत्तियों के समाधान के लिए पंजाब सरकार की ओर से गठित तालमेल कमेटी ने एक बार फिर श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी से बातचीत की अपील की है। तालमेल कमेटी ने 27 नवंबर को दोनों कमेटियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया है, ताकि आपसी विचार-विमर्श और सहमति से एक्ट में जरूरी संशोधन किए जा सकें।

इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से एक्ट पर उठाई गई आपत्तियों को दूर करने और आवश्यक संशोधनों के सुझाव देने के लिए एक विशेषज्ञ कमेटी का गठन किया गया था। वहीं, पंजाब सरकार ने भी धार्मिक सिख हस्तियों, सिख बुद्धिजीवियों और कानूनी विशेषज्ञों को शामिल करते हुए एक तालमेल कमेटी बनाई थी। इसका उद्देश्य अकाल तख्त साहिब की ओर से उठाए गए मुद्दों पर चर्चा कर उचित समाधान निकालना है।

तालमेल कमेटी के अनुसार, 18 नवंबर को श्री अमृतसर साहिब में अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी के साथ बैठक करने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद सोमवार को एक बार फिर संयुक्त बैठक के लिए अपील की गई, लेकिन विशेषज्ञ कमेटी की ओर से कोई प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुआ।

आपसी संवाद से समाधान निकालने पर जोर

तालमेल कमेटी का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और सिख संगत की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है। इसलिए इसे किसी टकराव के बजाय आपसी बातचीत, सूझ-बूझ और सहमति के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए।

कमेटी ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित विशेषज्ञ कमेटी से अपील की है कि वह सामने आकर अपनी आपत्तियों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा करे। दोनों कमेटियां मिलकर एक्ट से जुड़े जरूरी संशोधनों पर सहमति बना सकती हैं, जिससे इस मामले का उचित समाधान निकल सके।

27 नवंबर को बैठक का प्रस्ताव

तालमेल कमेटी ने एक बार फिर 27 नवंबर को बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है। साथ ही कहा है कि यदि विशेषज्ञ कमेटी के सदस्य किसी अन्य तारीख, समय या स्थान पर बैठक करना चाहते हैं तो वे अपनी सुविधा के अनुसार इसकी जानकारी दे सकते हैं।

तालमेल कमेटी ने स्पष्ट किया कि वह विशेषज्ञ कमेटी की ओर से तय किए गए समय और स्थान पर पहुंचकर बातचीत करने के लिए तैयार है। उसका उद्देश्य किसी तरह का टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सत्कार और सिख संगत की भावनाओं को सर्वोपरि रखते हुए इस संवेदनशील मामले का सर्वसम्मति और सौहार्दपूर्ण तरीके से समाधान निकालना है।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments