Homeपंजाबहुनर पंजाब पोर्टल से 47 दिनों में 200 आवेदन, बड़ी कंपनियों ने...

हुनर पंजाब पोर्टल से 47 दिनों में 200 आवेदन, बड़ी कंपनियों ने शुरू की भर्ती

चंडीगढ़, 23 नवंबर। पंजाब में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की ‘हुनर पंजाब’ पहल शुरुआती स्तर पर ही सकारात्मक परिणाम देने लगी है। पोर्टल लॉन्च होने के महज 47 दिनों के भीतर इस पर 200 से अधिक भर्ती आवेदन प्राप्त हुए हैं। टाटा स्टील, कंसाई नेरोलैक, एल.टी. फूड्स और हैप्पी फोर्जिंग्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भी इस मंच के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि अब तक 1,700 से अधिक शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थान और 1,100 से ज्यादा उद्योग इस पोर्टल से जुड़ चुके हैं। इनमें आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थान, कॉलेज, विश्वविद्यालय, मेडिकल एवं नर्सिंग संस्थान और कौशल विकास केंद्र शामिल हैं। इस्पात एवं इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, पेंट एवं रसायन, निर्माण और आतिथ्य जैसे क्षेत्रों की कंपनियां पोर्टल के जरिए संस्थानों तक पहुंच बना रही हैं।

अमन अरोड़ा ने कहा कि युवाओं की भर्ती के लिए कैंपस प्लेसमेंट अभियान भी चलाए जा रहे हैं और विद्यार्थियों को नौकरी के प्रस्ताव मिलने शुरू हो गए हैं। इससे पंजाब के युवाओं को अपने घरों के नजदीक ही रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में मदद मिल रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 8 अक्टूबर को ‘हुनर’ (हब फॉर अपस्किलिंग, नेटवर्किंग एंड एक्सेस टू एम्प्लॉयमेंट) पोर्टल की शुरुआत की थी। यह एक साझा डिजिटल मंच है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित एवं कुशल उम्मीदवार उपलब्ध करवाना है।

मंत्री ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से कंपनियां विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में उपलब्ध पाठ्यक्रमों और विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी हासिल कर सकती हैं। इसके बाद वे सीधे संबंधित संस्थानों को अपनी भर्ती आवश्यकताओं के बारे में आवेदन भेज सकती हैं। इससे उद्योगों को योग्य प्रतिभाओं की पहचान करने और संस्थानों को उद्योगों की वास्तविक मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देने में मदद मिलेगी।

अमन अरोड़ा ने कहा कि ‘हुनर’ महज एक पोर्टल नहीं, बल्कि युवाओं और उद्योगों के बीच एक मजबूत सेतु है। प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी पंजाब को कुशल श्रमशक्ति का केंद्र बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों की पुष्टि करती है।

उन्होंने बताया कि इस पोर्टल को राज्य के निवेश सुविधा मंच ‘फास्टट्रैक पंजाब’ के साथ भी जोड़ा गया है। आने वाले समय में इसके जरिए इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण, पाठ्यक्रमों में बदलाव, शिक्षकों के विकास, अतिथि व्याख्यान और तकनीकी सहयोग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। सरकार का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाना, उद्योगों की भर्ती लागत और समय कम करना तथा निवेश को रोजगार के अवसरों में बदलना है।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments