Homeपंजाबभगवंत मान ने भाजपा-अकाली गठबंधन को बताया ‘ठग जोड़’, पंजाब के हितों...

भगवंत मान ने भाजपा-अकाली गठबंधन को बताया ‘ठग जोड़’, पंजाब के हितों से खिलवाड़ का लगाया आरोप

चंडीगढ़, 24 नवंबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भाजपा और अकाली दल (बादल) के बीच हुए गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पंजाबियों को दोबारा गुमराह करने वाला ‘ठग जोड़’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब के हितों के लिए नहीं, बल्कि राजनीतिक परिवारों और अपनी खोई हुई सत्ता को बचाने के लिए किया गया है। दोनों पार्टियां सत्ता की लालसा में एक बार फिर साथ आई हैं, जबकि अतीत में एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाती रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और अकाली दल के नेता पंजाब के लोगों को बेवकूफ समझते हैं, लेकिन पंजाबी सब कुछ याद रखते हैं। उन्होंने तीन कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार ने ये कानून बनाए थे, तब बादल परिवार ने इनका खुलकर समर्थन किया था और इन्हें किसानों के हित में बताया था। लेकिन जब किसान आंदोलन को देश-विदेश में समर्थन मिलने लगा और 750 किसानों की जान चली गई, तब अकाली दल ने अपना रुख बदल लिया। हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और अकाली दल ने भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया।

भगवंत मान ने कहा कि यही भाजपा पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़, पंजाब के पानी और सिख संस्थाओं के अधिकारों को प्रभावित करने वाले फैसलों के लिए जिम्मेदार रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चंडीगढ़ में अलग विधानसभा और अलग राज्य की मांग को बढ़ावा दे रही थी। इसके अलावा भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड में अपने अधिकारियों की नियुक्ति और पंजाब के पानी को हरियाणा व राजस्थान को देने की कोशिशें भी की गईं।

मुख्यमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि वे भाजपा और आरएसएस पर सिख संस्थाओं में हस्तक्षेप करने के आरोप लगाते थे। आज वही अकाली दल उसी भाजपा के साथ राजनीतिक गठबंधन कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग 2007 से 2017 तक के अकाली-भाजपा शासन को नहीं भूले हैं। उस दौर में नशे का कहर बढ़ा और 2015 में बेअदबी की घटनाओं ने पंजाब की भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली दल को पंजाब पर 20 साल तक शासन करने का अवसर मिला, लेकिन वह राज्य के लिए कोई ठोस रोडमैप नहीं दे सका। आज उसके पास केवल सत्ता में वापसी की लालसा है।

भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब के 3.25 करोड़ लोगों, किसानों, माताओं-बहनों, युवाओं और आम परिवारों के साथ है। उनकी सरकार ने मुफ्त बिजली, नहरों के पानी, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, स्कूल ऑफ एमिनेंस और 78,000 से अधिक सरकारी नौकरियों के माध्यम से लोगों को राहत दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना रिश्वत के नौकरियां देकर ‘न कोई पर्ची, न कोई खर्ची’ की नीति को जमीन पर उतारा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी धर्म और जाति की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि विकास और सकारात्मक राजनीति के जरिए अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments