चंडीगढ़, 24 नवंबर। पंजाब में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था (सिविल डिफेंस) की तैयारियों को परखने के लिए 27 नवंबर 2026 को राज्यभर में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास रात 8 बजे शुरू होगा और केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति या हवाई हमले जैसी परिस्थिति में प्रशासन और नागरिक सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों का आकलन करना है।
अभ्यास की शुरुआत एयर रेड वार्निंग सिग्नल से होगी। इस दौरान सायरन के जरिए दो मिनट तक हाई-लो पिच में चेतावनी संकेत दिया जाएगा। इसके बाद संबंधित जिलों के डिप्टी कमिश्नर एवं सिविल डिफेंस कंट्रोलर द्वारा चिन्हित किए गए क्षेत्रों में सिम्युलेटेड ब्लैकआउट लागू किया जाएगा। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को निर्देश दिए गए हैं कि ब्लैकआउट के दौरान सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखें। हालांकि, आवश्यक सेवाएं पहले की तरह चालू रहेंगी।
मॉक ड्रिल का समापन दो मिनट तक लगातार हाई-पिच सायरन बजाकर किया जाएगा। इसे ‘ऑल क्लियर’ सिग्नल कहा जाएगा, जिसका अर्थ होगा कि अभ्यास आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है।
इस दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का भी अभ्यास किया जाएगा। इनमें अग्निशमन अभियान, सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन, प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता, घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना तथा यातायात और भीड़ नियंत्रण जैसी व्यवस्थाएं शामिल होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि इस अभ्यास के दौरान किसी भी तरह की घबराहट या अफवाहों पर ध्यान न दें। यह एक नियमित मॉक ड्रिल है, जिसका उद्देश्य नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों की जांच करना है।


