सार
उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश ने तबाही मचा दी। इस दौरान पेड़ और दीवार गिरने से 51 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश की भविष्यवाणी की है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में बुधवार की रात से बृहस्पतिवार सुबह तक के बीच लगभग पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश ने तबाही मचाई। इस बीच पेड़ और दीवार गिरने से हुए हादसों में 51 लोगों की मौत हो गई। बिजली के पोल टूटने से आपूर्ति बाधित हुई। बुलंदशहर में 89 किमी प्रति घंटे तो मेरठ में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। आगरा, अलीगढ़ क्षेत्र के साथ प्रदेश के अन्य पूर्वी इलाकों में भी 50 से 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे कई इलाकों में टिन की छतें व छप्पर उड़ गए।
आज भी बारिश के आसार
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 65 से ज्यादा जिलों में तेज रफ्तार हवाएं चलने और बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है। अरब सागर में बने कम दबाव क्षेत्र के उत्तर की ओर बढ़ने से शनिवार से प्रदेश में बारिश की तीव्रता और क्षेत्रफल में और बढ़ोतरी आएगी। इससे बूंदाबांदी के साथ पारा गिरने से राहत मिलेगी।