आप पार्टी उपाध्यक्ष आभा बंसल ने पद के साथ-साथ पार्टी भी छोड़ी : भाजपा में जाने की अटकलें
चण्डीगढ़ : आम आदमी पार्टी, चण्डीगढ़ को उस समय बड़ा झटका लगा जब पार्टी की स्थानीय उपाध्यक्ष सुश्री आभा बंसल ने अचानक अपने पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा चंडीगढ़ के राज्य अध्यक्ष विजयपाल सिंह यादव को भेजा, जिसमें उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया।
पिछले कुछ समय से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि आम आदमी पार्टी में आंतरिक कलह चरम पर है और पार्टी के हालात अच्छे नहीं हैं। आज प्रमुख समाजसेविका आभा बंसल के इस्तीफे ने इन अटकलों को सही साबित कर दिया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी में आने वाले समय में यह आंतरिक संघर्ष और भी बढ़ सकता है।