राज्यसभा सदस्य और कैबिनेट मंत्रियों ने डेरा बाबा नानक में बाढ़ प्रभावितों का हाथ थामा, केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज की मांग
चंडीगढ़/गुरदासपुर, 5 सितंबर:
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरभजन सिंह ई.टी.ओ. के साथ डेरा बाबा नानक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित गांवों में राहत सामग्री पहुंचाई और नुकसान का जायजा लिया।
संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों को अब तक कोई विशेष राहत पैकेज नहीं मिला है, जबकि अफगानिस्तान को मदद दी गई। उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार बंद होना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार पूरी क्षमता से राहत कार्यों में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सभी मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रूप से सहायता पहुंचा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि पंजाब का रोका गया फंड तुरंत जारी किया जाए और बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए विशेष पैकेज दिया जाए।