Tuesday, January 20, 2026
Homeहरियाणास्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ : स्वास्थ्य जागरूकता और...

स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ : स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा का संगम

स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ : स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा का संगम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” की शुरुआत हुई। यह भव्य आयोजन रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में किया गया, जहाँ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंत्री नड्डा ने प्रदर्शनी का रिबन काटकर इसका शुभारंभ किया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा, जागरूकता और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना है। इसकी अवधि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक तय की गई है। प्रदर्शनी में “स्वस्थ माँ, सुरक्षित शिशु – मजबूत समाज की नींव” जैसे प्रेरक संदेशों के साथ विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई।

मुख्य अतिथियों ने टीबी मुक्त भारत अभियान और निक्षय पोषण योजना की जानकारी ली। स्टॉलों के माध्यम से यह समझाया गया कि टीबी रोगियों को उपचार के दौरान प्रतिमाह 1000 रुपए पोषण सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाती है। इसके सत्यापन और ट्रैकिंग के लिए टीबी आरोग्य साथी ऐप और उमंग ऐप की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

प्रदर्शनी में कैंसर स्क्रीनिंग, एनीमिया नियंत्रण, थैलेसीमिया जांच, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और क्षय रोग संबंधी जानकारी विस्तृत रूप से दी गई। “आप से रोशन है पूरे परिवार की खुशी – टीबी उपचार लें और अपनों का साथ निभाएं” जैसे संदेशों ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।

पोषण अभियान पर विशेष जोर दिया गया। पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित आहार, स्तनपान के महत्व और एनीमिया नियंत्रण से संबंधित जानकारियाँ साझा की गईं। अभियान में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक भागीदारी को भी अहम स्थान दिया गया।

17 सितंबर को विशाल स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं, 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष टीकाकरण शिविर भी चलाए जाएंगे, जिनमें 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को शामिल किया जाएगा।

प्रदर्शनी का एक खास आकर्षण “I am a Digital Health Champion” फोटो फ्रेम और ABHA हेल्थ आईडी कार्ड प्रमोशन स्टॉल रहा। यहाँ नागरिकों को अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड मोबाइल पर सुरक्षित रखने की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या या सहायता के लिए हरियाणा स्वास्थ्य हेल्पलाइन 104 और निक्षय संपर्क हेल्पलाइन 1800-11-6666 (टोल फ्री) 24×7 उपलब्ध हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments