पंजाब को नशा मुक्त और सुरक्षित राज्य बनाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 4 किलो हेरोइन, 3.90 लाख रुपये की ड्रग मनी और एक .32 बोर पिस्तौल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान युवराज सिंह, वरिंदर सिंह, जग्गरूप सिंह और जुगराज सिंह के रूप में हुई है, जो सभी अमृतसर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी को भी जब्त किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस को पुख्ता सूचना मिली थी कि विदेशी हैंडलर लखविंदर सिंह उर्फ बाबा लक्खा के निर्देश पर आरोपी हेरोइन की खेप की डिलीवरी करने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर तीन आरोपियों को रंगे हाथों काबू किया।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि इस नेटवर्क को जेल में बंद दया सिंह उर्फ प्रीत सेखों निर्देश दे रहा था, जो मुक्तसर साहिब की केंद्रीय जेल में बंद है। आगे की जांच में चौथे आरोपी जुगराज सिंह को अमृतसर शहर से ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे की जांच लगातार जारी है।


