✍️ Written By: Priyanka Thakur
📍 चंडीगढ़ | 26 नवंबर
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किया राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन
35 वैश्विक भाषाओं में लिखी गीता कक्ष ने खींचा ध्यान
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 के तहत कुरुक्षेत्र में आयोजित सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी में अपनाई गई हाईटेक तकनीक और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इसमें हरियाणा को 2047 तक विकसित राज्य बनाने की योजना को आकर्षक और बेहतर तरीके से दर्शाया गया है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से 35 वैश्विक भाषाओं में लिखी गीता कक्ष को सराहा और कहा कि यह प्रदर्शनी हरियाणा के गौरवशाली इतिहास और विकास की दिशा में हो रहे प्रयासों को एक ही छत के नीचे प्रस्तुत कर रही है।
इस प्रदर्शनी में विशाल कर्व एलईडी पर महाभारत के प्रमुख प्रसंग, गीता के 18 अध्यायों और भगवान कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेशों की हाईटेक प्रस्तुति दर्शकों का आकर्षण बनी हुई है।
25 विभागों की उपलब्धियां एक ही स्थान पर
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के 25 स्टॉलों का अवलोकन किया और हरियाणा की वर्तमान उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी हासिल की। उन्होंने प्रदर्शनी की साज-सज्जा, डिजिटल तकनीकी और प्रस्तुति की खुलकर प्रशंसा की।
विभाग के अतिरिक्त निदेशक आर.एस. सांगवान व शहीदी स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी ने मुख्यमंत्री को 11 वर्षों में हरियाणा के विकासात्मक परिवर्तन और प्रदेश के गौरवमयी इतिहास से अवगत कराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


