मुख्यमंत्री सैनी ने बजट घोषणाओं की समीक्षा, जल प्रबंधन परियोजनाओं को गति देने के निर्देश
चंडीगढ़, 6 दिसंबर
✍️ News Written by Priyanka Thakur
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की बजट घोषणाओं और सीएम घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए ताकि जनता को बुनियादी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध हो सकें।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि महाग्राम योजना के तहत चुने गए 12 गांवों में शहरी स्तर की पेयजल और सीवरेज सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। गुरुग्राम, सोनीपत और पलवल जिलों के तीन गांवों में कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दो अन्य गांवों में काम 31 दिसंबर तक समाप्त कर दिया जाएगा।
150 किलोमीटर नई सीवर लाइन बिछाने की योजना के अंतर्गत 23 शहरों में से 100 किलोमीटर कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य आगामी तीन महीनों में समाप्त होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमिगत जल का अत्यधिक दोहन रोकना और ट्रीटेड वेस्ट वाटर का उपयोग बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। एसटीपी से प्राप्त पानी का उपयोग उद्योगों और सिंचाई में करवाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने जल संरक्षण को भविष्य की चुनौती बताते हुए अधिकारियों को समन्वय के साथ सर्वश्रेष्ठ परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


