पंजाब में फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के जनरल मैनेजर की नियुक्ति को लेकर केंद्र और पंजाब सरकार के बीच टकराव तेज हो गया है। केंद्र सरकार द्वारा यूपी कैडर की अधिकारी नितिका पंवार को इस पद के लिए चुने जाने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ी आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है।
पंजाब सरकार का कहना है कि FCI जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में वर्षों से चली आ रही प्रशासनिक परंपरा के अनुसार नियुक्तियां पंजाब कैडर के अधिकारियों से ही होती रही हैं। इसके अलावा राज्य की ओर से पहले ही योग्य अधिकारियों का पैनल केंद्र को भेजा जा चुका है, बावजूद इसके बाहरी कैडर से अधिकारी की नियुक्ति राज्य के अधिकारों का उल्लंघन है।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि पंजाब केवल अनाज का गोदाम नहीं है, बल्कि पूरे देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ है। ऐसे में पंजाब की भूमिका को नजरअंदाज करना न केवल राज्य का अपमान है, बल्कि संघीय ढांचे की भावना के भी खिलाफ है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मुद्दे को करोड़ों अन्नदाताओं से जोड़ते हुए कहा कि यह सिर्फ एक पद की नियुक्ति नहीं, बल्कि पंजाब के योगदान और अधिकारों से जुड़ा सवाल है। पार्टी ने पंजाब बीजेपी से भी सवाल किया है कि क्या वह इस मुद्दे पर राज्य के हित में आवाज उठाएगी या हमेशा की तरह चुप्पी साधे रखेगी।
अब निगाहें केंद्र सरकार पर हैं कि वह पंजाब की जायज मांगों को स्वीकार करती है या अपने फैसले पर अड़ी रहती है।


