News Written by Priyanka Thakur
जीजेयू को ‘प्राइड ऑफ नेशन अवॉर्ड–2025’, हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय का सम्मान
हिसार — गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है कि उसे वेटरन्स इंडिया की ओर से ‘प्राइड ऑफ नेशन अवॉर्ड–2025’ के साथ ‘हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय’ के सम्मान से नवाजा गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान विश्वविद्यालय को राष्ट्र-निर्माण, भारतीय ज्ञान प्रणाली, मूल्य-आधारित शिक्षा, सामुदायिक जुड़ाव और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार समारोह का आयोजन नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नरसी राम बिश्नोई ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान जीजेयू के राष्ट्रवाद, राष्ट्र-निर्माण और समाज के प्रति निरंतर समर्पण की पहचान है। उन्होंने समस्त संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और गैर-शिक्षण स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और इसे विश्वविद्यालय के लिए प्रेरणादायक बताया।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा निकटवर्ती गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कौशल विकास और सतत आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कई सामुदायिक परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। महिलाओं के सशक्तीकरण और सुरक्षा को लेकर नीतियां, जागरूकता अभियान और सहायता तंत्र भी प्रभावी ढंग से लागू किए गए हैं। विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए खेल, स्वास्थ्य और कल्याण गतिविधियों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 और सतत विकास लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस किया गया है। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी इस सम्मान पर विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी। इस अवसर पर आईक्यूएसी निदेशक प्रोफेसर कश्मीरी लाल और उप निदेशक डॉ. विक्रमजीत सिंह भी उपस्थित रहे।


