पंजाब: हरियाणा विधानसभा में गूंजे मान सरकार के काम, केजरीवाल बोले—यह गर्व की बात
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पंजाब सरकार की जनहितकारी नीतियों की चर्चा होने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे पंजाब के लिए गर्व का विषय बताया है। विधानसभा में विशेष तौर पर पंजाब की “जिसका खेत, उसकी रेत” नीति का हवाला दिया गया, जिसने किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया है और रेत माफिया पर प्रभावी लगाम लगाई है।
इससे जुड़ा एक वीडियो आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसे अरविंद केजरीवाल ने रीट्वीट करते हुए लिखा कि यह गर्व की बात है कि आज हरियाणा विधानसभा में भी पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के जनहितकारी कार्यों की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी नीतियां सीमाएं नहीं देखतीं और अब अन्य राज्य भी पंजाब मॉडल अपनाने की बात कर रहे हैं।
केजरीवाल के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कहा कि पड़ोसी राज्य की विधानसभा में पंजाब सरकार के कामों की सराहना होना सम्मान की बात है। मान ने कहा कि “जिसका खेत, उसकी रेत” नीति के जरिए किसानों को उनका अधिकार मिला है, खेतों से बाढ़ के बाद जमा रेत हटाने की अनुमति दी गई और अवैध खनन पर रोक लगी। इससे किसानों की अतिरिक्त आय भी सुनिश्चित हुई है।
पंजाब सरकार की इस नीति से रेत की कीमतों में कमी आई और किसानों को खेती के लिए समय पर जमीन तैयार करने में मदद मिली। वहीं हरियाणा में भी कई जिलों में बाढ़ के बाद खेतों में रेत और गाद जमी हुई है, जिस पर अब इस नीति को लागू करने की मांग उठने लगी है।
हरियाणा विधानसभा में हुई इस चर्चा से स्पष्ट है कि पंजाब सरकार का किसान हितैषी मॉडल अब राष्ट्रीय स्तर पर उदाहरण बनता जा रहा है।
— खबर: Priyanka Thakur


