चंडीगढ़, 22 सितंबर: (Priyanka Thakur)हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शरद नवरात्र के पहले दिन प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए 117 करोड़ रुपये की 557 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। सोनीपत के मुरथल में दीन बंधू छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर उन्होंने 72 महिला सांस्कृतिक केंद्र, 90 इनडोर जिम, 69 योग एवं व्यायामशालाएं, मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना के तहत 101 नई सड़कों और 225 गांवों में स्ट्रीट लाइट्स का उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने महिला स्वास्थ्य शिविर और स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का भी उद्घाटन और निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उद्घाटन केवल परियोजनाओं का नहीं बल्कि हरियाणा को विकास के शिखर पर ले जाने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिला सांस्कृतिक केंद्र महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेंगे। अब प्रदेश में कुल 203 महिला सांस्कृतिक केंद्र कार्यरत हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ और तंदुरुस्त रहना सरकार का प्राथमिक उद्देश्य है। फिटनेस और योग संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 892 योग एवं व्यायामशालाएं और 341 इनडोर जिम राज्य में खोले जा चुके हैं। योजना है कि हर गांव में जिम स्थापित किया जाएगा ताकि युवा स्वस्थ रहें और नशे से दूर रहें।
गांवों के विकास पर भी बल दिया गया। 588 ग्राम पंचायतों की कच्ची सड़कों को 237.64 करोड़ रुपये से पक्का किया गया है। मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना के तहत 101 नई सड़कों का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा 695 गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने के लिए 983 ई-लाइब्रेरी में फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है और जल्द ही पुस्तकें व कंप्यूटर भी लगाए जाएंगे। उनका लक्ष्य हर गांव को स्वावलंबी बनाना और पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करना है।
इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को कार्ड दिए गए और भिगान गांव की सरपंच को लिंगानुपात सुधार के लिए सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेशवासियों की भागीदारी और विकास को बढ़ावा देने वाले सभी उपायों की सराहना की गई।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जीएसटी में राहत प्रदान करने की तारीफ की और कहा कि इससे आमजन को बड़ी बचत होगी। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, कई विधायक, पुलिस आयुक्त, उपायुक्त और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


