हरियाणा सरकार बाढ़ प्रभावितों के साथ खड़ी, 3.26 करोड़ रुपये की तत्काल राहत राशि जारी – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़, 8 सितंबर:
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सरकार नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है। भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालातों में प्रभावितों की सहायता के लिए जिलों को तत्काल 3.26 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इस धनराशि का उपयोग भोजन, वस्त्र, अस्थायी आश्रय, तंबू, पशुओं के चारे और राहत सामग्री के परिवहन सहित आवश्यक सेवाओं पर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भारी बारिश से मकान ढहने की घटनाओं में अब तक 13 लोगों की मौत हुई है। प्रभावित परिवारों को 52 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता दी गई है, जिसमें प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बाढ़ और फसल नुकसान की भरपाई के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। अब तक 2.53 लाख से अधिक किसानों ने 14.91 लाख एकड़ क्षेत्र का पंजीकरण कराया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर भी लगाए गए हैं और खराब फसलों के लिए प्रति एकड़ 15,000 रुपये तक का मुआवजा देने की घोषणा की गई है।
बाढ़ प्रभावितों को सहायता राशि की विस्तृत सूची भी जारी की गई है, जिसमें मृत्यु, अंग हानि, मकान क्षति, दुकान-उद्योग हानि, फसल नुकसान और पशुधन हानि शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टरों की टीमों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है और स्वास्थ्य शिविर लगाकर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है और हर प्रभावित परिवार को नियमानुसार आर्थिक मदद दी जाएगी।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने जम्मू–कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को भी बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए 5-5 करोड़ रुपये की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजी है। इसके अतिरिक्त, हरियाणा के मंत्री, विधायक और अधिकारी भी अपना एक माह का वेतन राहत कोष में देंगे। उन्होंने अपील की कि समाज के सभी वर्ग इस राहत कार्य में सहयोग करें।


