News Written by Priyanka Thakur | www.24ghantenews.com
चंडीगढ़, 8 दिसंबर
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को मंत्रिमंडल बैठक के उपरांत प्रेस वार्ता में घोषणा की कि हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस सत्र में महत्वपूर्ण विधायी कार्य और विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा करेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के एचसीएमएस डॉक्टरों द्वारा दिए गए 48 घंटे के सामूहिक अवकाश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डॉक्टर मानवता की सेवा के प्रतीक हैं और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी डॉक्टरों से संपर्क में हैं, ताकि किसी के अधिकारों का हनन न हो।
एचपीएससी भर्ती से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परिणाम निर्धारित कट-ऑफ के अनुसार ही जारी किए गए हैं और किसी भी प्रकार का अनुचित दबाव आयोग पर नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जीरो टॉलरेंस के सिद्धांत पर काम कर रही है और भर्ती व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है।
सैनी ने CET परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि भर्ती प्रक्रिया आयोग स्वयं संचालित करता है।
प्रेस वार्ता में मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


