अमृतसर में 4.13 किलो हेरोइन बरामद, सीमा पार ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़/अमृतसर, 5 अप्रैल — पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 4.13 किलो हेरोइन बरामद की है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आतिश सुमन (22), निवासी पलाही गेट, फगवाड़ा (कपूरथला) और स्विंदर सिंह उर्फ सुंदरी (28), निवासी गांव बोपाराय कलां, अमृतसर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी यूरोप में बैठे हैंडलरों और जेल में बंद गुर्गों के सीधे संपर्क में थे, जो सीमा पार से नशे की सप्लाई करवा रहे थे।
डीजीपी ने बताया कि आरोपी माझा और दोआबा क्षेत्रों में हेरोइन की सप्लाई करते थे और इनके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस ने पहले आतिश सुमन को 220 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसके पास से 670 ग्राम और हेरोइन बरामद हुई, जिससे कुल 890 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इसके बाद आरोपी के खुलासे पर उसके साथी स्विंदर सिंह उर्फ सुंदरी को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 3.24 किलो हेरोइन बरामद की गई। इस तरह कुल बरामदगी 4.13 किलो तक पहुंच गई।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में थाना सुल्तानविंड, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगी की संभावना है।


