चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में नशा और गैंगस्टरवाद को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने सुखबीर सिंह बादल के हालिया बयान पर तीखा हमला बोला है।
पन्नू ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के शासनकाल में ही पंजाब में चिट्टा और गैंगस्टरवाद ने जड़ें जमाईं। उन्होंने सवाल उठाया कि 2007 से 2017 के बीच ड्रग तस्करों को संरक्षण किसने दिया और कैसे अपराधियों का नेटवर्क इतना मजबूत हुआ।
उन्होंने कहा कि उस दौर में अपराधियों को राजनीतिक सहारा मिला, जिससे कानून व्यवस्था कमजोर हुई। कई घटनाओं का जिक्र करते हुए पन्नू ने कहा कि जनता सब याद रखती है और अब जवाब चाहती है कि उस समय सरकार ने नशे को रोकने के लिए क्या कदम उठाए थे।
पन्नू ने दावा किया कि मौजूदा सरकार, जो भगवंत मान के नेतृत्व में काम कर रही है, नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। गांव स्तर तक समितियों के गठन और पुलिस की सक्रियता से हालात सुधारने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष को पुराने मुद्दों से ध्यान हटाने के बजाय जनता को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। पंजाब के लोग अब पहले से ज्यादा जागरूक हैं और वे विकास, सुरक्षा तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब चाहते हैं।
— Priyanka Thakur


