फरीदकोट, 5 अप्रैल:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फरीदकोट के जैतो में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए विपक्षी दलों और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों लोग आज भी गरीबी में जीवन बिता रहे हैं और कई जगह गैस सिलेंडर की समस्या है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं और रैलियों में व्यस्त हैं।
मुख्यमंत्री ने लगभग 28.68 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को 30 बेड के अस्पताल में अपग्रेड करना, साफ पेयजल और खेल ढांचे को मजबूत करना शामिल है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों के हित में काम कर रही है और राज्य में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने अपने शासनकाल में पंजाब के लिए क्या किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पार्टियां परिवारवाद, नशा तस्करी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती रही हैं, जबकि ‘आप’ सरकार आम लोगों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने 13 अप्रैल को विशेष सत्र बुलाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस दौरान बेअदबी विरोधी सख्त कानून लाया जाएगा, जिसमें दोषियों के लिए कड़ी सजा और जमानत पर सख्ती होगी। उन्होंने कहा कि यह कानून धार्मिक भावनाओं की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, हजारों युवाओं को बिना भ्रष्टाचार के रोजगार दिया गया है और स्वास्थ्य क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 के चुनावों में लोगों के पास तीन विकल्प होंगे, जिनमें उनकी पार्टी ही विकास और जनहित के एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब जल्द ही देश का अग्रणी राज्य बनेगा।
✍️ रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर


