News Written By: Priyanka Thakur
पंजाब सरकार ने अनुसूचित जाति समुदाय के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री Bhagwant Singh Mann के नेतृत्व में पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना के तहत 245 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, जिससे 2.45 लाख से अधिक छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री Baljit Kaur ने बताया कि यह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य सरकार के हिस्से के रूप में जारी की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों का डेटा एकत्र किया गया है और उन्हें समय पर वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह स्कॉलरशिप योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। इससे हजारों छात्रों के परिवारों पर पढ़ाई का आर्थिक बोझ कम हुआ है और वे बिना किसी चिंता के अपनी शिक्षा जारी रख पा रहे हैं।
मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी छात्र केवल आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। यह योजना न केवल विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का अवसर भी दे रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने आगे कहा कि जब गरीब परिवारों के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ते हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। उन्होंने दोहराया कि सरकार सामाजिक न्याय, समान अवसर और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


