By Priyanka Thakur
पटियाला/चंडीगढ़: पंजाब के समाना में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरे के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
‘आप’ की जिला इकाई पटियाला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता किसान भवन के बाहर इकट्ठा हुए और काले झंडे दिखाते हुए “सैनी गो बैक” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और अन्य स्थानीय नेताओं ने किया। इस दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पंजाब को उसका हक देने से लगातार इंकार कर रही है।
‘आप’ नेताओं ने मांग की कि पंजाब का बकाया रूरल डेवलपमेंट फंड (RDF) और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1600 करोड़ रुपये की राहत राशि तुरंत जारी की जाए। उन्होंने कहा कि फंड जारी न होने से राज्य के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नेताओं ने यह भी कहा कि बार-बार पंजाब आकर बयान देने की बजाय केंद्र सरकार को अपने लंबित वित्तीय दायित्वों को पूरा करना चाहिए।
प्रदर्शन में कई पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि शामिल हुए।
‘आप’ नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पंजाब का बकाया फंड जारी नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस विरोध के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल और गर्म होने की संभावना है।


