By Priyanka Thakur
चंडीगढ़: पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के मानद सचिव पद के लिए हुए चुनाव में गुरमीत सिंह मीट हेयर को निर्विरोध चुना गया है। यह चुनाव पीसीए के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित विशेष आम सभा (SGM) के दौरान संपन्न हुआ।
निर्वाचन अधिकारी जगपाल सिंह संधू ने मीट हेयर को मानद सचिव पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। इस मौके पर मीट हेयर ने एसोसिएशन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और उन पर जताए गए भरोसे के लिए धन्यवाद दिया।
गुरमीत सिंह मीट हेयर ने कहा कि वह पंजाब में क्रिकेट के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्रिकेट को राज्य के दूरदराज इलाकों तक पहुंचाने के लिए विशेष पहल की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पंजाब में एक मजबूत क्रिकेट इकोसिस्टम तैयार करना है, जो न केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाए बल्कि खेल की भावना और ईमानदारी को भी बनाए रखे।
गौरतलब है कि मीट हेयर इससे पहले पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और खेल मंत्री के रूप में उन्होंने राज्य में खेल नीति लागू कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाई थी।
उनकी इस नियुक्ति को पंजाब में क्रिकेट के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


