चंडीगढ़, 14 फरवरी:
देश भगत यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित आगमन को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अमलोह से विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी के बाहर एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका और कार्यक्रम के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक गैरी बड़िंग ने कहा कि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का खुद कार्यक्रम में शामिल न होकर हरियाणा के मुख्यमंत्री को भेजना एक गहरी राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पंजाब में अपने मंत्री या नेता नहीं हैं, जिन्हें ऐसे कार्यक्रमों में भेजा जा सके। बड़िंग ने आरोप लगाया कि जानबूझकर भाजपा के नेताओं को पंजाब के शैक्षणिक संस्थानों में भेजकर दूसरे राज्यों का हस्तक्षेप बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों और आप कार्यकर्ताओं के विरोध को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री को अपना दौरा रद्द कर लौटना पड़ा। बड़िंग ने चेतावनी दी कि पंजाब के शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे नेताओं को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा, जो राज्य के हितों के खिलाफ खड़े होते रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह समझौता पंजाब के किसानों और व्यापारियों के हितों की अनदेखी करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए आप कार्यकर्ता आगे भी इसी तरह विरोध दर्ज कराते रहेंगे।


