AAP सरपंच हत्याकांड: सात आरोपी गिरफ्तार, DGP गौरव यादव की चेतावनी
चंडीगढ़/अमृतसर:
आम आदमी पार्टी समर्थित सरपंच जरमल सिंह की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 4 जनवरी को अमृतसर जिले में सरपंच जरमल सिंह की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो शूटरों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया गया है, जबकि हत्या की साजिश में शामिल पांच अन्य आरोपियों को तरनतारन और मोहाली से काबू किया गया है। गिरफ्तार किए गए शूटरों को 14 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है।
डीजीपी ने बताया कि हत्या के समय गोली चलाने वाले आरोपी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने बेहद कम समय में इस मामले को ट्रेस कर लिया, जो पुलिस की पेशेवर कार्यशैली को दर्शाता है।
गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब में अपराध कर कोई भी देश या विदेश के किसी कोने में छिप जाए, पंजाब पुलिस उसे ढूंढ निकालने में सक्षम है और दोषियों को कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 में सामने आए सभी बड़े आपराधिक मामलों को पंजाब पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझाया है। डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
News written by: Priyanka Thakur


