हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी की दरों में कमी कर देश के विकास को गति दी है।
चंडीगढ़, 5 सितंबर:
मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी दरों को घटाकर रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं जैसे आटा, दूध, दही, मक्खन, दवाइयां और बीमा को सस्ता किया है। इसके चलते आम जनता को राहत मिली है और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
उन्होंने समझाया कि वस्तुएं सस्ती होने से खरीददारी बढ़ेगी, जिससे उत्पादन और कारखानों की संख्या में वृद्धि होगी। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और अर्थव्यवस्था का विकास चक्र तेज होगा।
अनिल विज ने कहा कि सरकार ने नकारात्मक प्रभाव डालने वाली चीजों पर भी सख्ती दिखाई है। बीड़ी, तंबाकू और शराब जैसी बुरी आदतों से जुड़ी वस्तुओं पर 40% जीएसटी लगाया गया है, जिससे समाज में एक सकारात्मक संदेश गया है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग पर भी नियंत्रण के लिए विधेयक पेश कर उसे पारित किया है। उनका कहना था कि पिछली सरकारों में इच्छाशक्ति की कमी रही, लेकिन मौजूदा सरकार किसी दबाव में नहीं आती और गलत कामों को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।
अनिल विज ने कहा कि मोदी सरकार सही दिशा में काम कर रही है और केवल आर्थिक सुधार ही नहीं, बल्कि लोगों के व्यक्तित्व निर्माण पर भी ध्यान दे रही है।