Sunday, January 11, 2026
Homeपंजाबफर्जी वीडियो और नफरत की राजनीति से बाज आए भाजपा: बलतेज पन्नू

फर्जी वीडियो और नफरत की राजनीति से बाज आए भाजपा: बलतेज पन्नू

चंडीगढ़, 10 जनवरी:
आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब राज्य मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को दिल्ली विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने और फर्जी वीडियो के जरिए जहरीला दुष्प्रचार फैलाने से बाज आना चाहिए। उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर पंजाब जैसे धर्मनिरपेक्ष और साझा विरासत वाले राज्य में नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया।

बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब वह भूमि है जहाँ धर्म राजनीति का औजार नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यहां धार्मिक भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ उठाने की राजनीति कभी सफल नहीं हुई और न ही भविष्य में होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब स्पष्ट रूप से उस राजनीति को नकारता है, जिसे भाजपा ने कई हिंदी भाषी राज्यों में अपनाया है, जहां धर्म के आधार पर समाज को बांटने और डर का माहौल बनाने की कोशिश की जाती है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के संदर्भ में बोलते हुए पन्नू ने कहा कि उनका व्यक्तित्व किसी से छिपा नहीं है। वे केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील कलाकार और सामाजिक चेतना से जुड़े व्यक्ति हैं। उनके खिलाफ धार्मिक द्वेष फैलाने के प्रयास पंजाब की एकता को कमजोर नहीं, बल्कि और मजबूत करेंगे।

पन्नू ने कहा कि फर्जी वीडियो के माध्यम से आतिशी को बदनाम करने की कोशिश बेहद गंभीर मामला है और यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब में धार्मिक सद्भाव और सामाजिक एकता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

आप नेता ने स्पष्ट किया कि जो भी ताकतें पंजाब की एकता को तोड़ने की कोशिश करेंगी, उन्हें जनता की एकजुटता और सच्चाई के बल पर मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। पंजाब नफरत की नहीं, बल्कि भाईचारे, सौहार्द और लोकतांत्रिक राजनीति की धरती है।

News by: Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments