Tuesday, February 10, 2026
Homeपंजाबबिट्टू वीडियो से कांग्रेस–अकाली की ‘फिक्स्ड मैच’ राजनीति बेनकाब, मान ने तोड़ा...

बिट्टू वीडियो से कांग्रेस–अकाली की ‘फिक्स्ड मैच’ राजनीति बेनकाब, मान ने तोड़ा भ्रष्ट गठबंधन: बलतेज पन्नू

चंडीगढ़, 9 फरवरी:
आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने सोमवार को कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल दशकों से पर्दे के पीछे सत्ता-साझेदारी कर पंजाब को लूटते रहे। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पन्नू ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की एक वीडियो क्लिप दिखाते हुए कहा कि इसने कांग्रेस–अकाली की ‘फिक्स्ड मैच’ राजनीति को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है।

पन्नू ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी का आरोप नहीं है, बल्कि खुद कांग्रेस नेता की स्वीकारोक्ति है। वीडियो में बिट्टू यह मानते नजर आते हैं कि 2017 में भगवंत मान को हराने और सुखबीर बादल को जिताने की योजना बनाई गई थी। इससे साफ है कि चुनाव परिणाम पहले ही बंद कमरों में तय कर लिए जाते थे।

उन्होंने कहा कि वर्षों तक पंजाब की राजनीति “पांच साल तुम लूटो, पांच साल हम” के मॉडल पर चलती रही। एक-दूसरे से सवाल न करने की यह सांठगांठ संगठित राजनीतिक भ्रष्टाचार का उदाहरण थी। पन्नू ने दावा किया कि अलग-अलग क्षेत्रों में सीटों का बंटवारा पहले से तय होता था और नेताओं के बयान जगह के हिसाब से बदलते रहते थे।

पन्नू ने कहा कि जब संगरूर के एक आम आदमी ने इस मिलीभगत को चुनौती दी, तो पूरा सिस्टम घबरा गया। 2014 और 2019 में भगवंत मान की जीत ने जनता को सच्चाई समझा दी और 2022 में लोगों ने पूरे पुराने सिस्टम को खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि आज विपक्ष इसलिए बेचैन है क्योंकि पंजाब में नहर का पानी टेलों तक पहुंच रहा है, रोड सेफ्टी फोर्स समय पर मदद दे रही है, टोल प्लाजा बंद हुए हैं, मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं और बिना डर के पारदर्शी शासन चल रहा है।

अंत में पन्नू ने कहा कि गुप्त समझौतों का दौर खत्म हो चुका है। पंजाब अब जानता है कि कौन सत्ता के खेल खेलता था और कौन जनता के साथ खड़ा रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments