आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता तलबीर गिल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर किसानों के खिलाफ साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। अमृतसर में बुधवार को आप नेता गुरप्रताप सिंह के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए तलबीर गिल ने कहा कि भाजपा सरकार एक बार फिर किसानी को खत्म करने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि पहले तीन काले कृषि कानूनों के जरिए किसानों को बर्बाद करने की कोशिश की गई थी, लेकिन पंजाब सहित पूरे देश के किसानों की एकजुटता के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उस ऐतिहासिक आंदोलन में लगभग हर किसान परिवार ने भाग लिया और अपनी ताकत दिखाई।
तलबीर गिल ने सवाल उठाया कि देश से जुड़े अहम मुद्दों पर बयान ट्रंप दे रहे हैं और मोदी सरकार उनका स्वागत कर रही है। उन्होंने पूछा कि मोदी और ट्रंप के बीच आखिर ऐसी कौन-सी गुप्त डील हुई है, जिसे जनता से छुपाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार इस समझौते को तुरंत सार्वजनिक करे।
आप नेता ने आशंका जताई कि यह कथित समझौता फिर से काले कानूनों की वापसी का संकेत हो सकता है, जो सीधे तौर पर किसानों के अस्तित्व पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने पूंजीपति दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए किसानों की मेहनत और हक को कुचलना चाहती है।
गिल ने कहा कि भाजपा की नीतियां देश के अन्नदाता के खिलाफ हैं और यदि यह नया समझौता लागू होता है तो यह किसानी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला होगा। उन्होंने पंजाब और देश के लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर किसानों के हक में आवाज बुलंद करें और भाजपा की किसान विरोधी नीतियों का डटकर विरोध करें।


