चंडीगढ़ के सेक्टर 22 मोबाइल मार्केट में स्थित बंसल फोटो लैब में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पिछले करीब एक घंटे से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन आग की लपटें अभी भी कम नहीं हो रही हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शहर के कई फायर स्टेशनों से अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए हैं। आग की तीव्रता इतनी अधिक है कि पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया है, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटनास्थल के पास ही स्थित सूद कलर लैब में भी ज्वलनशील सामग्री मौजूद है। ऐसे में आग के वहां तक पहुंचने का खतरा लगातार बना हुआ है। यदि आग इस लैब तक फैलती है, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सिविल डिफेंस की टीम को भी मौके पर तैनात कर दिया है। साथ ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई है, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस भी लगातार प्रयास कर रही है।
बताया जा रहा है कि आग पास के शोरूम्स तक भी फैल सकती है, क्योंकि बिजली के तारों के जरिए आग तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन और राहत टीमें मिलकर आग पर काबू पाने की हर संभव कोशिश में जुटी हैं।
Reported by Priyanka Thakur


