चंडीगढ़/दिल्ली, 29 सितंबर, Priyanka Thakur
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान पंजाब में आई बाढ़ से हुए भारी नुकसान की रिपोर्ट साझा करेंगे और केंद्र सरकार से 20 हजार करोड़ रुपये के राहत पैकेज की मांग करेंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है। वहीं, केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने मान सरकार पर तंज कसा है। बिट्टू ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाबियों को गुमराह कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “सीएम कहते हैं कि प्रधानमंत्री उनसे मिलने का समय नहीं दे रहे, केंद्र सरकार उनकी नहीं सुन रही और मदद देने को तैयार नहीं है। लेकिन अगर ऐसा है तो वे गृहमंत्री अमित शाह से मिलने कैसे जा रहे हैं?”
बिट्टू ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय पहले ही कई बार राज्य सरकार को कह चुका है कि वे अपने अफसरों के साथ दिल्ली आकर केंद्र की टीमों को नुकसान का ब्यौरा साझा करें। उसके बाद ही विशेष राहत पैकेज पर बात आगे बढ़ सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र की ओर से जो डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजनाएं हैं, उनका पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंचेगा। जबकि जो फंड राज्य सरकार के जरिए दिया जाएगा, वह राज्य सरकार के माध्यम से ही बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाया जाएगा।


