Website Script (500 words)
By Priyanka Thakur
लुधियाना: मनीष सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी के मंत्रियों, विधायकों और हलका इंचार्जों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो नेता ड्रग माफिया के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए तैयार नहीं हैं, उन्हें पार्टी छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग अरविंद केजरीवाल की छवि को नुकसान न पहुंचाएं।
‘
युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान के तहत आयोजित मालवा जोन की बैठक में सिसोदिया ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई पार्टी के मूल उद्देश्य का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान, अरविंद केजरीवाल और उन्होंने खुद राजनीति में आने का फैसला इसलिए किया था ताकि निडर होकर ड्रग माफिया का सामना किया जा सके और उनके नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
सिसोदिया ने स्पष्ट किया कि पार्टी में ड्रग्स के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति ड्रग तस्करी में शामिल पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पार्टी से जुड़ा ही क्यों न हो। उन्होंने नेताओं को चेतावनी दी कि वे जिम्मेदारी से बचने की कोशिश न करें और अपने क्षेत्र में ड्रग्स की बिक्री को किसी भी हालत में बर्दाश्त न करें।
उन्होंने कहा कि अगर किसी वार्ड या गांव में ड्रग्स बिक रही है और संबंधित नेता कार्रवाई नहीं करता, तो यह उसकी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने सभी नेताओं को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर इस अभियान को सफल बनाएं।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने भी सरकार के कड़े रुख को दोहराते हुए कहा कि ड्रग्स के खिलाफ यह अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया जाएगा और उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त या ध्वस्त किया जाएगा।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी जानकारी दी कि अब तक हजारों ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। इसके साथ ही नशा मुक्ति और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में पुलिस, प्रशासन, एनजीओ और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि इसे जन आंदोलन बनाया जा सके।
सिसोदिया ने कहा कि यह केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है कि पंजाब को नशा मुक्त बनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आगे आकर जानकारी साझा करें और इस लड़ाई में सरकार का सहयोग करें।
उन्होंने अंत में कहा कि आम आदमी पार्टी एक आंदोलन से निकली है और जैसे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी गई, वैसे ही अब ड्रग्स के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।


