चंडीगढ़/मोगा, 8 नवंबर:Anshul Arora
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि मोगा सिविल अस्पताल से दिवाली की रात नशा छुड़ाने वाली दवाइयों की चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस तेज कार्रवाई के लिए उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस की सराहना की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि यह चोरी एक गंभीर अपराध है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मोगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही दिनों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 10,150 गोलियां बरामद की गई हैं, जबकि लगभग 850 गोलियां पहले ही बेच दी गई थीं।
स्वास्थ्य मंत्री ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि सरकार का “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान इस बुराई को खत्म करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक करीब 20,000 लोगों ने नशा छोड़ा है।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है — 1400 डॉक्टरों की भर्ती, 1000 नर्सों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी, और 350 प्रकार की दवाएं अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि कोट इसे खां में बने नशा छुड़ाने केंद्र के माध्यम से अब तक 1000 से अधिक व्यक्तियों ने नशा छोड़ा है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री के साथ धर्मकोट के विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस, डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया, एसएसपी अजय गांधी, और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


