अमृतसर, 7 फरवरी:
आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि भगवंत मान सरकार द्वारा जनता से किए गए वादे अब जमीनी स्तर पर साकार होते दिखाई दे रहे हैं। राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की दूरदर्शी सोच के चलते मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना आज राज्य में प्रभावी रूप से लागू हो चुकी है।
शनिवार को आप नेता प्रभबीर सिंह बराड़ और गुरप्रताप सिंह संधू के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने बताया कि इस योजना के तहत पंजाब के करीब 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। यह योजना विशेष रूप से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।
धालीवाल ने योजना की सफलता का उदाहरण साझा करते हुए गुरदासपुर जिले के गांव गुरदासनंगल निवासी दिहाड़ी मजदूर सुलखन सिंह का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सुलखन सिंह अचानक दिल की गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए थे और इलाज पर लगभग 3 लाख रुपये का खर्च बताया गया था, जो उनके परिवार के लिए असंभव था।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मात्र एक दिन में उनका हेल्थ कार्ड तैयार किया गया और अमृतसर के एक निजी अस्पताल में बिना एक भी रुपया खर्च किए उनका सफल ऑपरेशन किया गया। उनके दिल में स्टेंट डाले गए और वे पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटे।
धालीवाल ने कहा कि यह उदाहरण उन विरोधियों को करारा जवाब है जो आप सरकार के वादों को जुमलेबाजी बताते थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। पिछली सरकारों के दौरान गरीब इलाज के अभाव में कर्ज में डूब जाता था, लेकिन अब स्वास्थ्य हर नागरिक का अधिकार बन चुका है।
उन्होंने जनता से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस योजना के तहत हेल्थ कार्ड बनवाकर इसका लाभ उठाएं।


