Website Script (280 words)
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़/पटियाला: पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ राज्य के लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक 1.60 लाख लोगों को लगभग 191 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज मिल चुका है।
सरकार का लक्ष्य 65 लाख परिवारों को इस योजना के दायरे में लाना है, जिसमें से अब तक 25 लाख हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपना कार्ड बनवाएं ताकि जरूरत के समय मुफ्त इलाज का लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। पटियाला के राजिंदरा अस्पताल और माता कौशल्या अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे इलाज की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। इसके अलावा राज्य में 9 नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं, जिससे 600 नई एमबीबीएस सीटें बढ़ेंगी।
सरकार ने जिला अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं शुरू करने की योजना बनाई है। साथ ही 22 क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 7 मातृ एवं शिशु अस्पताल भी स्थापित किए जा रहे हैं।
पंजाब में 883 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक ओपीडी सेवाएं दी जा चुकी हैं, जिससे 1.69 करोड़ लोगों को फायदा मिला है।
सरकार का कहना है कि यह योजना स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और उन्हें आर्थिक बोझ से राहत देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।


