चंडीगढ़, 14 फरवरी:
पंजाब सरकार ने सतलुज और स्वां दरिया के किनारे बसे संवेदनशील गांवों को बाढ़ से सुरक्षित करने के लिए 52 करोड़ रुपये की व्यापक बाढ़ सुरक्षा योजना को मंजूरी दी है। शिक्षा एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि यह योजना आनंदपुर साहिब हलके के कई गांवों को मानसून के दौरान आने वाली बाढ़ से स्थायी राहत देने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
मंत्री ने कहा कि सरकार लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और पिछले वर्षों में आई बाढ़ से सबक लेते हुए मजबूत तथा दीर्घकालिक सुरक्षा ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 52 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि लगभग 30 करोड़ रुपये की अतिरिक्त परियोजनाएं विचाराधीन हैं।
इस योजना के तहत दसगराईं, हरसा बेला, महिंदली कलां, अगमपुर, बुर्ज, अजोली और लोधीपुर सहित कई गांवों में बड़े स्तर पर डंगों और रेवेटमेंट का निर्माण किया जाएगा। मंत्री के अनुसार इन परियोजनाओं में कुल मिलाकर 11,000 फुट से अधिक लंबे डंगों का निर्माण शामिल है, जिससे नदी किनारे बसे गांवों को मजबूत सुरक्षा कवच मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कुछ गांवों में पहले किए गए कार्यों को उन्नत डिजाइन के साथ और मजबूत किया जाएगा, जबकि कई स्थानों पर नए सुरक्षा ढांचे बनाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि वे स्वयं इन परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं और मानसून शुरू होने से पहले काम पूरा करने के लिए प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है और बाढ़ से बचाव के लिए यह योजना एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।


