Thursday, March 12, 2026
Homeपंजाबपंजाब में केजरीवाल और भगवंत मान ने पूरी की स्वास्थ्य गारंटी, हर...

पंजाब में केजरीवाल और भगवंत मान ने पूरी की स्वास्थ्य गारंटी, हर परिवार को मिलेगा ₹10 लाख तक मुफ्त इलाज

साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), 22 जनवरी | प्रियंका ठाकुर

आम आदमी पार्टी ने पंजाब में स्वास्थ्य सुविधा को लेकर किया गया अपना सबसे बड़ा वादा पूरा कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली से “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना” की औपचारिक शुरुआत की। इस योजना के तहत पंजाब के हर परिवार को ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, जिसमें देश के नामी और महंगे निजी अस्पताल भी शामिल होंगे।

पंजाब ने आय की शर्त हटाकर सभी के लिए मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा योजना लागू करके नया कीर्तिमान स्थापित किया – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

इस ऐतिहासिक योजना के साथ पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जहां बिना किसी आय सीमा के सभी नागरिकों को व्यापक स्वास्थ्य बीमा कवरेज दिया जा रहा है। इस योजना में किडनी ट्रांसप्लांट, कैंसर, दिल की बीमारियां, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, डायलिसिस और बड़ी सर्जरी तक शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बाद पहली बार कोई सरकार आम आदमी की सेहत को प्राथमिकता दे रही है। “जिन अस्पतालों में सिर्फ अमीर इलाज करवा सकते थे, अब वहां गरीब, किसान और मजदूर भी सम्मान के साथ इलाज करवा सकेंगे,” केजरीवाल ने कहा।

*सिर्फ आम आदमी पार्टी ही पंजाब को सुरक्षित भविष्य दे सकती है – केजरीवाल*

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने खजाना खाली होने का बहाना बनाकर मुफ्त शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली को असंभव बताया, लेकिन आम आदमी पार्टी ने साबित कर दिया कि ईमानदार सरकार सब कुछ कर सकती है। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में पंजाब में लगभग 1000 मोहल्ला क्लीनिक बनाए गए हैं और आने वाले महीनों में 2500 पिंड क्लीनिक शुरू किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह योजना “सरबत दा भला” की भावना से प्रेरित है और इसमें किसी तरह की आय या वर्ग की शर्त नहीं रखी गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनके जरिए वे 850 से अधिक सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज करवा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस योजना में 2356 से अधिक इलाज पैकेज शामिल किए गए हैं और अस्पतालों को इलाज के 15 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब किसी भी पंजाबी को पैसे की कमी के कारण इलाज से वंचित नहीं रहना पड़ेगा।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, सह-प्रभारी सतिंदर जैन, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी ने इस योजना को पंजाब के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव बताया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments