चंडीगढ़, 8 फरवरी:
पंजाब सरकार ने प्रसिद्ध शिक्षा शास्त्री और प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल को महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, पटियाला का कुलपति नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्षों के लिए होगा। इस नियुक्ति को राज्य में खेल शिक्षा और प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल को शैक्षणिक, अनुसंधान, प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय परामर्श के क्षेत्र में 36 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वे पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला से सेवानिवृत्त प्रोफेसर रह चुके हैं और अपने लंबे अकादमिक करियर के दौरान उन्होंने शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
डॉ. गिल ने वर्ष 1993 में पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी। उन्होंने स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में विशेष रूप से सेवाएं दीं और प्रबंधन शिक्षा में नए मानक स्थापित किए। वर्ष 1999 से 2001 के दौरान उन्होंने अफ्रीका के कई देशों में कोका-कोला कंपनी के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने रणनीतिक प्रबंधन और कॉर्पोरेट गवर्नेंस में अपनी विशेषज्ञता साबित की।
उनकी अकादमिक उपलब्धियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाओं में प्रकाशित 84 शोध पत्र, 10 पुस्तकें और विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में प्रकाशित 400 से अधिक लेख शामिल हैं। इसके अलावा, वे उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के लोक सेवा आयोगों में विशेषज्ञ के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
सरकारी प्रवक्ता ने विश्वास जताया कि डॉ. गिल के नेतृत्व में महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खेल शिक्षा, उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में देश की अग्रणी संस्थाओं में शामिल होगी।


