328 सरूप लापता मामला: एसजीपीसी एसआईटी का सहयोग करे, बादल परिवार को बचाना बंद करे – बलतेज पन्नू
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 सरूपों के लापता होने के मामले पर आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने एसजीपीसी और बादल परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि सिख कौम की आस्था से जुड़ा है। पन्नू ने एसजीपीसी से एसआईटी जांच में पूरा सहयोग करने की मांग करते हुए हितों के टकराव, प्रभावशाली व्यक्तियों को बचाने और इंसाफ से समझौते के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संगत जवाब की हकदार है और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
चंडीगढ़, 2 जनवरी | प्रियांका ठाकुर
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 सरूपों के लापता होने के गंभीर और संवेदनशील मामले को लेकर आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) और बादल परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी को प्रभावशाली लोगों को बचाने के बजाय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का पूरा सहयोग करना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि एसजीपीसी की ओर से पेश किया जा रहा वकील ही इस मामले के मुख्य आरोपी एस.एस. कोहली का बचाव भी कर रहा है, जो स्पष्ट रूप से हितों का टकराव है। उन्होंने कहा कि यह मामला वर्षों तक दबाकर रखा गया और अब सिख संगत को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
पन्नू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एस.एस. कोहली बादल परिवार का चार्टर्ड अकाउंटेंट रह चुका है और उसकी गिरफ्तारी सुखबीर बादल के निजी चैनल के पत्रकार के नाम पर बुक किए गए होटल के कमरे से हुई, जिससे कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर इस व्यक्ति को इतनी आक्रामकता से क्यों बचाया जा रहा है और वह ऐसा क्या जानता है जिसे छुपाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशों पर एफआईआर दर्ज हुई और एसआईटी गठित की गई, जो साबित करता है कि मामला बेहद गंभीर है। बलतेज पन्नू ने कहा कि 328 सरूप केवल एसजीपीसी की संपत्ति नहीं बल्कि पूरी सिख कौम की अमानत हैं। इंसाफ सर्वोपरि होना चाहिए और संगत जवाब की हकदार है।


