विकास, विश्वास और सशक्त नेतृत्व ही बिहार का भविष्य — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
डबल इंजन सरकार ने बिहार की तस्वीर बदली
चंडीगढ़ — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सभी मतदाताओं से आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा उम्मीदवार श्री विशाल प्रशांत को भारी मतों से विजयी बनाएं और डबल इंजन की सरकार को और मजबूत करें। जनसभा में भारी संख्या में उपस्थित जनसैलाब ने भाजपा उम्मीदवार के प्रति अपना जबरदस्त उत्साह और समर्थन प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार के विकास की रफ्तार को दोगुना कर दिया है।
श्री सैनी ने कहा कि बिहार की विकास दर आज 14 प्रतिशत से अधिक है, जो देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लगातार बिहार को आर्थिक मदद उपलब्ध करवाकर प्रदेश में विकास की गति को तेजी प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय को केवल भाषणों में नहीं, बल्कि धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता की सर्वोत्तम मिसाल बिहार की धरती पर दिखती है।
श्री सैनी ने कहा कि बिहार सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार हर घर की महिला को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। वर्ष 2005 में जहां केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे, अब उनकी संख्या 15 हो चुकी है। इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 3 से बढ़कर 38 हो गई है और स्टार्टअप्स की संख्या बढ़कर 1500 से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने मखाना को ‘सुपरफूड’ का दर्जा देकर बिहार को वैश्विक पहचान दी है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास न विकास का एजेंडा है, न ईमानदारी का संकल्प। उनके पास केवल वंशवाद, भ्रष्टाचार और झूठे आरोप हैं जबकि भाजपा जनसेवा और विकास की राजनीति करती है। जनसभा में पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का जोरदार स्वागत किया गया।
क्रमांक 2025
हरियाणा और बिहार का रिश्ता सिर्फ भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक बंधनों में बंधा: नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिहार में जनसभा को किया सम्बोधित
चंडीगढ़हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा और बिहार का रिश्ता सिर्फ भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक बंधनों में बंधा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा जहां गन्ना और गेहूं उत्पादन में अग्रणी है, वहीं बिहार मखाना उत्पादन के दम पर विश्व बाजार में पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को बिहार में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि एक समय था जब बिहार को गरीब और पिछड़ा कहा जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने युवाओं को रोजगार, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों की बढ़ोतरी और सड़कों के विस्तार का हवाला देकर डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
श्री सैनी ने कहा कि एक समय बिहार को बीमारू राज्य कहा जाता था, जब कांग्रेस-राजद शासन में भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन चरम पर था। मगर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन की एनडीए सरकार ने बिहार को देश की सबसे तेज़ी से प्रगति कर रहे राज्यों की श्रेणी में ला दिया है।
श्री सैनी ने कहा कि यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को सुरक्षित करने का चुनाव है। साथ ही प्रदेश में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण और स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। आजीविका दीदी से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 1100 रुपये किया है जिससे करोड़ों लोगों को सहायता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार के विकास के लिए 14 लाख 85 हजार करोड़ रुपये की राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि हम सब ने मिलकर मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ते हुए बिहार को और मजबूती देनी है।
क्रमांक— 2025
हरियाणा दिवस राज्य स्तरीय समारोह 1 से 3 नवम्बर तक पंचकूला में आयोजित होंगे
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने तैयारियों की समीक्षा की
चंडीगढ़, 29 अक्तूबर- हरियाणा सरकार राज्य के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह 1 से 3 नवम्बर, 2025 तक यवनिका ग्राउंड, सेक्टर-5, पंचकूला में आयोजित करेगी।
इसके अतिरिक्त, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 15 नवम्बर से कुरुक्षेत्र में आरंभ होगा, वहीं ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ नामक भव्य कार्यक्रम का आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जाएगा। इसका मुख्य कार्यक्रम 31 अक्तूबर को फतेहाबाद में होगा।
तीन दिवसीय हरियाणा दिवस समारोह का उद्घाटन राज्यपाल अशिम कुमार घोष करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राज्य के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में नागरिक इन समारोहों में भाग लेंगे।
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आज इन आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा हेतु उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में बताया गया कि हरियाणा दिवस समारोह के दौरान एक हेरिटेज प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हरियाणा की पारंपरिक संस्कृति, परिधान, कृषि उपकरण, लोककला और हस्तशिल्प की झलक प्रस्तुत की जाएगी। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। आगंतुकों को हरियाणा की सदियों पुरानी परंपराओं और शिल्पकला की झलक देखने को मिलेगी।


 
                                    