इंडिगो एयरलाइन की लगातार हो रही फ्लाइट कैंसिलेशन ने यात्रियों की परेशानियों को काफी बढ़ा दिया है।
इंडिगो एयरलाइन की लगातार हो रही फ्लाइट कैं सिलेशन ने यात्रियों की परेशानियों को काफी बढ़ा दिया है।रविवार सुबह शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से मुंबई, लखनऊ और कोलकाता जाने वाली तीन उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं। कई यात्रियों को यह जानकारी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही मिली, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
यात्रियों की शिकायतों के बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब सरकार के सिविल एविएशन विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सिविल एविएशन सेक्रेटरी सोनाली गिरी ने बताया कि अब चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इससे यात्रियों को उड़ान रद्द होने की जानकारी 8 से 10 घंटे पहले ही मिल सकेगी, ताकि वे समय और पैसे दोनों की बचत कर सकें।
फ्लाइट कैंसिलेशन का असर आम लोगों के साथ-साथ खेल आयोजनों पर भी देखने को मिल रहा है। हेबॉल इंटरनेशनल पूल चैंपियनशिप-2025 में शामिल होने आए खिलाड़ियों के मुकाबले री-शेड्यूल करने पड़े क्योंकि निर्धारित 320 खिलाड़ियों में से केवल 250 ही चंडीगढ़ पहुंच पाए हैं।
कई यात्री दो-दो दिन से होटल में रुककर नई फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। वहीं उड़ानों की कीमतें सामान्य से कई गुना बढ़ने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। एयरलाइंस प्रशासन और डीजीसीए के बीच पायलट ड्यूटी निर्देशों को लेकर जारी विवाद के चलते देशभर में हजार से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई हैं।


