Written by: Priyanka Thakur
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार कुरुक्षेत्र को विश्व के सबसे गौरवपूर्ण धार्मिक स्थलों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2016 से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन राज्य की पहचान को वैश्विक स्तर तक ले गया है।
कुरुक्षेत्र में आयोजित 48 कोस तीर्थ सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रज की 84 कोसी यात्रा की तर्ज पर कुरुक्षेत्र के 48 कोस में स्थित तीर्थों की यात्रा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इस पवित्र धरा पर 367 प्राचीन तीर्थ स्थल हैं, जिनमें से कई का जीर्णोद्धार कार्य तेज गति से जारी है। अब तक 182 तीर्थों का दस्तावेजीकरण किया जा चुका है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि स्वदेश दर्शन स्कीम के तहत कृष्णा सर्किट में शामिल 134 तीर्थों का समग्र विकास किया जा रहा है। ज्योतिसर में महाभारत आधारित अनुभव केंद्र का लोकार्पण प्रधानमंत्री द्वारा किया जा चुका है। इसके अलावा तिरुपति बालाजी मंदिर, अक्षरधाम, इस्कॉन एवं ज्ञान मंदिर निर्माण भी कुरुक्षेत्र की धार्मिक विरासत को नई पहचान देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण ही युवा पीढ़ी को उत्तम संस्कार प्रदान करता है और सरकार इसी दिशा में समर्पित होकर कार्य कर रही है।


