चंडीगढ़ — हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने नारनौल में जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पष्ट किया कि सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन के विजन को पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है। बैठक से पूर्व उन्होंने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बैठक के दौरान कार्यसूची में शामिल 15 मामलों की गहन सुनवाई की गई। मंत्री ने अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों में अधिकारियों को तय समय-सीमा में कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि आमजन की शिकायतों के निपटारे में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सहकारिता मंत्री ने महेंद्रगढ़ जिले में वर्ष 2025 के दौरान हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा निर्मित सभी सड़कों की ऑडिट कराने के आदेश भी दिए। सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौते की शिकायत पर सैंपल जांच के निर्देश जारी किए गए। निजामपुर में नाले की सफाई 15 दिन में कराने और गांव बडकौदा में विकास कार्यों में लापरवाही की शिकायत पर एक माह में विजिलेंस जांच के आदेश दिए गए।
टैनर्स स्मॉल एंटरप्राइजेज कोऑपरेटिव सोसाइटी, महेंद्रगढ़ की भूमि हड़पने के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए मंत्री ने एआरसीएस प्रवीण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी अधिकारी या कर्मचारी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, विधायक ओमप्रकाश यादव, विधायक कंवर सिंह यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


