Wednesday, December 17, 2025
Homeहरियाणासरकार हर विषय और बिंदु पर चर्चा के लिए तैयार: मुख्यमंत्री नायब...

सरकार हर विषय और बिंदु पर चर्चा के लिए तैयार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

News Written by Priyanka Thakur


सरकार हर विषय और बिंदु पर चर्चा के लिए तैयार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़ — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार विधानसभा में हर विषय और हर बिंदु पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार की संवैधानिक प्रतिबद्धता है कि बिंदुवार सभी मुद्दों पर जवाब दिया जाएगा। मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा विधानसभा में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सदन का समय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, जबकि सत्र की अवधि का निर्णय बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया है। उन्होंने बताया कि मानसून सत्र के बाद छह माह के भीतर दूसरा सत्र बुलाना संवैधानिक रूप से अनिवार्य नहीं था, इसके बावजूद सरकार ने शीतकालीन सत्र आयोजित किया। 26 फरवरी को छह माह पूरे होने से पहले सत्र बुलाना सरकार की लोकतांत्रिक सोच को दर्शाता है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सत्र बिजनेस के अनुसार चलता है और पिछला सत्र सार्थक रहा। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे वॉकआउट की राजनीति छोड़कर जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करें। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार हार के कारण निराशा में है और सदन का समय बर्बाद कर रहा है।

जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दोहराया कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, तब तक संविधान सुरक्षित है। पंजाब में खिलाड़ियों पर हो रहे हमलों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था मजबूत है और खेल नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त कर राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments