‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर आज भाजपा चंडीगढ़ मुख्यालय, सेक्टर 33 में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए उन सभी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिन्होंने उस समय अत्यंत कष्ट सहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा ने किया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओम प्रकाश धनखड़ का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज में एकता का संदेश लेकर जाना चाहिए, क्योंकि एकता मैं बल है, जबकि विभाजन उसका पूर्ण विपरीत है।
अपने संबोधन में ओम प्रकाश धनखड़ ने चंडीगढ़ के सभी वार्डों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विभाजन की भीषण घटनाओं को याद किया, जिसने भाईचारे के ताने-बाने को तोड़ दिया और असंख्य परिवारों के जीवन को प्रभावित किया। उन्होंने मार्मिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की महत्ता पर बल दिया।
धनखड़ ने उपस्थित जनसमूह से यह भी आग्रह किया कि हम सभी अपने-अपने दायित्वों पर विचार करें, ताकि एक न्यायपूर्ण, एकजुट और सशक्त समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि इतिहास से मिली सीख को हमें अपने वर्तमान और भविष्य को दिशा देने के लिए अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत धनखड़ ने पार्टी मुख्यालय में विभाजन की विभीषिका पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया, जिसमें तस्वीरों, कथाओं और ऐतिहासिक वस्तुओं के माध्यम से उस समय के दर्दनाक अनुभवों को दर्शाया गया। यह प्रदर्शनी आगंतुकों को शांति और एकता के महत्व की गहन अनुभूति कराती है।


